Breaking News

Aug 29, 2020

इस महीने 19 लाख से अधिक केस बढ़ेंगे, लेकिन राहत की बात एक्टिव मरीजों में करीब 1.90 लाख की बढ़ोतरी होगी; अब तक 34.61 लाख मामले

देश में बीते दो दिन से कोरोना के 76 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं। शुक्रवार को 76664 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 34.61 लाख हो गया। इस महीने 17 लाख से ज्यादा केस आए हैं। अगले तीन दिन में दो लाख से ज्यादा केस आने का अनुमान है।

दूसरी ओर करीब 1.83 लाख एक्टिव केस बढ़े हैं। अगले तीन दिन में इसमें आठ से 10 हजार की बढ़ोतरी का अनुमान है। यानी, इस महीने कुल केस में करीब 19 लाख, वहीं एक्टिव पेशेंट में महज 1.90 लाख की बढ़ोतरी होगी। तेजी से ठीक हो रहे मरीजों की वजह से एक्टिव केस कम बढ़ रहे हैं। ये आंकड़े covid19india के मुताबिक हैं।

कोरोना अपडेट्स...

  • जम्मू-कश्मीर में उधमपुर के जिला अस्पताल में पीएम केयर फंड से भारत में बने 35 वेंटिलेटर उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हें जल्द ही इंस्टॉल किया जाएगा। यहां आईसीयू में वेंटिलेटर की कमी की वजह से कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज में परेशानी आ रही थी।
  • तेलंगाना में हैदराबाद के गांधी हॉस्पिटल से 26-27 अगस्त को लापता हुए चार कोरोना मरीजों की तलाश की जा रही है। ये मरीज बंदी थे और इन्हें प्रिजनर वार्ड में रखा गया था।
  • उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान की याद में एक रोड का नाम रखने का ऐलान किया। बीते दिनों चौहान का कोरोना से निधन हो गया था। वे गाजियाबाद से सांसद थे।
  • पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 7 दिन तक सेल्फ क्वारैंटाइन में रहने का फैसला लिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दो विधायकों से मुलाकात की थी जो बाद में कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
  • हरियाणा सरकार ने 22 अगस्त से शुरू किए वीकेंड लॉकडाउन का फैसला शुक्रवार को बदल दिया। अब शनिवार-रविवार की बजाय सोमवार-मंगलवार को लॉकडाउन होगा। इस दौरान सिर्फ जरूरी चीजों की दुकानें खुली रहेंगी।
  • मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने वैश्विक महामारी प्रबंधन को एमबीबीएस के कोर्स में शामिल कर लिया है। इसमें छात्रों महामारी को समझने, उस पर शोध करने और उसके इलाज के तरीकों के बारे में पढ़ाया जाएगा।

पांच राज्यों के हाल
1. मध्यप्रदेश
बीते 24 घंटे में संक्रमण के 1252 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 59433 हो गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 17 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1323 हो गई है। उधर, छतरपुर के पूर्व मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) वीएस वाजपेयी की कोरोना से शुक्रवार को मौत हो गई। वे भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती थे।

2. राजस्थान
बीते 24 घंटे में 1355 केस आए। राज्य में अब तक 77370 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 62033 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 1017 मरीजों की मौत हो गई। अभी 14320 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. बिहार
बीते 24 घंटे में 1998 नए संक्रमितों की पहचान की गई। इसके साथ ही कुल केस 1 लाख 30 हजार 848 हो गए। इनमें से 1 लाख 12 हजार 445 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 674 मरीजों की मौत हो चुकी है। 17728 मरीजों का इलाज चल रहा है।

4. महाराष्ट्र
बीते 24 घंटे में 14361 केस आए। राज्य में अब तक 7 लाख 47 हजार 995 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 5 लाख 43 हजार 170 मरीज ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 80 हजार 718 का इलाज चल रहा है। शुक्रवार को 331 कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा। राज्य में इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 23775 हो गई है।

5. उत्तरप्रदेश
बीते 24 घंटे में 5447 केस आए। 4986 ठीक हो गए और 77 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2 लाख 13 हजार 824 केस आ चुके हैं। 1 लाख 57 हजार 879 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 3294 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां देश में सबसे ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। शुक्रवार को 1.20 लाख टेस्ट किए गए। अब तक कुल 52 लाख जांच की जा चुकी हैं।

No comments:

Post a Comment

Please do not spam in the comment box